धनबाद : धनबाद में रणधीर वर्मा चौक पर शनिवार को भाकपा माले ने चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया. प्रदर्शन में आइसा (AISA) से जुड़े छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई.
भाकपा माले नेताओं का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में मतों की कथित हेराफेरी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाताओं के इस अधिकार से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर पार्टी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी आंदोलन किया गया था. जहां पार्टी महासचिव, किसान नेता पुरुषोत्तम शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, बुद्धिजीवी योगेंद्र यादव और छात्र नेता नेहा समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया था.
प्रदर्शन के दौरान माले नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ कथित चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की. साथ ही बिहार, पश्चिम बंगाल समेत उन राज्यों में दोबारा चुनाव कराने की मांग की गई, जहां पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं. माले नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. झारखंड से लेकर दिल्ली तक आवाज उठाया जाएगा.

