धनबाद के कटरास स्थित लिलोरी स्थान मुक्ति धाम के प्रतीक्षा कक्ष पर अवैध कब्जे को लेकर नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। निगम की प्रवर्तन टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाई गई दीवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। जीएनएम दुर्गा पूजा समिति के सचिव अमन जायसवाल और स्थानीय जनता द्वारा दिए गए दो दिन के अल्टीमेटम के बाद, नगर निगम ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए त्वरित कार्रवाई की।
नगरपालिका प्रबंधक रोहित राहुल समद ने बताया कि शिकायतों के बाद उच्च अधिकारियों और स्थानीय पुलिस बल की सहायता से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। उन्होंने कहा कि शवगृह के कर्मचारी द्वारा अंतिम संस्कार के नाम पर मनमानी रकम वसूलने की शिकायत पर भी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, प्रवर्तन निरीक्षक अनिल कुमार ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

