धनबाद : चुनाव आयोग
की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध
में झारखंड मुक्ति मोर्चा की धनबाद जिला समिति ने सोमवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन
किया.
इस दौरान कार्यकर्ताओं
ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार तथा निर्वाचन
आयोग के खिलाफ नारेबाजी की.
झामुमो नेताओं ने कहा
कि आयोग की निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मतदाता सूची, नये मतदाताओं के
पंजीकरण, नाम हटाने और बहाल करने, फॉर्म-6 तथा चुनावी डाटा जैसे संवेदनशील विषयों से
जुड़ी आपत्तियों पर आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता
पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 और नाम हटाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 जैसी प्रक्रियाएं निर्धारित
हैं.
झामुमो जिलाध्यक्ष
लखी सोरेन ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र का प्रहरी है. उसकी निष्पक्षता पर किसी भी
तरह का संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया
से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब और पारदर्शिता जरूरी है.

