धनबाद : धनबाद सिविल कोर्ट के वकील और मजदूर नेता साधन कुमार बनर्जी ने कोल इंडिया (सीआईएल) की 'सीएमपीएस 1998' पेंशन योजना में तत्काल संशोधन की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों की पेंशन में एक रुपये की भी वृद्धि नहीं हुई है, जबकि नियमों के अनुसार पेंशन में हर 3 साल में संशोधन होना चाहिए। साथ ही, पेंशन में कटौती के बावजूद 30 वर्ष से अधिक सेवा कर चुके कर्मचारियों को अतिरिक्त वर्षों का लाभ न देना भी सरासर गलत है।
वर्तमान में, बीसीसीएल और कोल इंडिया के हजारों पूर्व कर्मचारियों को प्रति माह केवल 1,000 रुपये की न्यूनतम पेंशन मिल रही है। हालांकि ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल पेंशनर्स (एआईएसीपी) और बीएमएस जैसे संगठन न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर 10,000 रुपये करने और महंगाई भत्ता जोड़ने की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने धन की कमी का हवाला देते हुए पेंशन बढ़ाने के किसी भी प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।

