धनबाद : आशादीप फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्यालय किड्स केयर में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को देशभक्ति और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत विशेष कार्यक्रम ' नमामि भारतम्' आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर वातावरण को देशभक्ति के भाव से गुंजायमान कर दिया.
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज में राष्ट्रभाव, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना रहा.
सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर में अनुशासन और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला. विद्यार्थियों ने पूरे जोश और सम्मान के साथ राष्ट्रगीत का गायन किया. कार्यक्रम में वक्ताओं ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका को भी रेखांकित किया.
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया. पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर वंदे मातरम् के जयघोष और देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा. इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे

