धनबाद : खरखरी पंचायत की उप मुखिया नाजो बीबी ने मुखिया कुंदन कुमार रजक पर मनमानी करने और वार्ड सदस्यों का मान-सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाघमारा को 20 जुलाई को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की थी। आवेदन में उप मुखिया नाजो बीबी ने कहा है कि 2022 में पंचायत चुनाव के बाद से आज तक पंचायत में जो भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं, उसकी जानकारी वार्ड सदस्यों को नहीं दी जा रही है। पंचायत में न तो ग्राम सभा की बैठक बुलाई जा रही है और न ही वार्ड सदस्यों के साथ बैठक की जा रही है। किस वार्ड में कौन सी योजना चल रही है और किस योजना में किस लाभुक का चयन हो रहा है, इसकी भी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। आरोप है कि कार्य बाहर के ठेकेदारों से कराया जा रहा है।पूर्व वार्ड सदस्य सह उप मुखिया के पति सह उप मुखिया प्रतिनिधि शेख नसरूद्दीन ने बताया कि वर्तमान में खरखरी उर्दू स्कूल में पानी ठंडा करने की मशीन लगाने का कार्य चल रहा है, जिसकी जानकारी न तो संबंधित वार्ड सदस्य को दी गई और न ही ग्राम सभा हुई। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी उन्होंने बीडीओ से इसकी शिकायत की थी, जिस पर आश्वासन तो मिला लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।उप मुखिया नाजो बीबी ने पूरे मामले की जांच कर वार्ड सदस्यों का मान-सम्मान बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे इसकी शिकायत डीडीसी धनबाद से करेंगी।
मामले में खरखरी पंचायत के मुखिया कुंदन रजक का पक्ष नहीं मिल पाया, मुखिया का पक्ष मिलते ही उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा।

