धनबाद : गयाजी से कोलकाता जा रही महारानी बस शनिवार तड़के बड्डा थना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित जोड़ापीपल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. डिवाइडर पर चढ़ने के बाद बस पलट गयी, जिससे उसमें सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गये.
घायलों में करीब एक दर्जन यात्रियों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
तड़के 2.30 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार अलसुबह करीब 2.30 बजे हुई. गयाजी से यात्रियों को लेकर कोलकाता जा रही बस जोड़ापीपल के समीप अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गयी. इसके बाद बस सड़क पर पलट गयी.
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. बस पलटने के कारण कई यात्री उसके अंदर फंस गये. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार सुन स्थानीय लोग भी सहायता के लिए पहुंचे.

