सिलिगुड़ी। नौर्थ
बंगाल के कई हिंदीभाषी बहुल इलाकों में गोधन कूटा गया। बिहार की लोक परंपराओं में
भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी यह ऐसी रस्म है, जिसे सुनकर आम तौर पर कोई भी हैरान हो
जाता है। भाई-दूज के मौके पर महिलाएं गोधन कूटने की परंपरा निभाती हैं। इसमें
बहनें पहले अपने भाइयों को मरने का श्राप देती हैं और फिर अपनी ही जीभ में कांटा
चुभाकर उनकी लंबी उम्र की दुआ मांगती हैं। सुनने में यह रस्म भले ही अजीब लगे,
लेकिन इसके पीछे एक खास लोक मान्यता जुड़ी हुई है। गोधन कूटने की परंपरा भाई-दूज
से मिलती है। इस दिन महिलाएं घर के आंगन में गोबर से यमराज, यमुना, सांप और बिच्छू
जैसी आकृतियां बनाती हैं। इसके बाद मूसल से इन आकृतियों को कूटने की रस्म शुरू
होती है। इस दौरान बहनें अपने भाइयों को अपशब्द कहती हैं और उनके लिए बुरा बोलती
हैं। इस रस्म को गोधन कूटना कहा जाता है। बिहार के कई इलाकों में यह परंपरा आज भी
लोक आस्था के साथ निभाई जाती है। मान्यता है कि बहन के मुंह से निकले श्राप के
कारण यमराज उसके भाई को मृत्यु के भय से नहीं ले जा पाते। इसी विश्वास के साथ
बहनें अपने भाइयों को बुरा-भला कहती हैं। हालांकि, इसके बाद बहनें रेंगनी के पौधे
का कांटा अपनी जीभ में प्रतीकात्मक रूप से चुभाती हैं। इसे अपने मुंह से निकले
अपशब्दों का प्रायश्चित (गलती का पछतावा जताना) माना जाता है। इस तरह कुछ देर पहले
भाई को श्राप देने वाली बहन बाद में उसके माथे पर तिलक लगाकर उसकी रक्षा और
खुशहाली की प्रार्थना करती है। प्रसाद के रुप में बजड़ी (चना) और गुड़ खिलाती हैं। यह
परंपरा सूर्य देव के पुत्र यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी
है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज से बहुत प्रेम करती थीं और
अक्सर उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन काम में व्यस्त रहने
के कारण यमराज उनके घर नहीं जा पाते थे। एक बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की
द्वितीया तिथि को यमुना ने फिर से अपने भाई को भोजन का निमंत्रण दिया। इस बार
यमराज अपनी बहन का निमंत्रण स्वीकार कर उनके घर पहुंचे. यमुना ने उनका स्वागत
किया, माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के इस स्नेह
और आदर-सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. तब यमुना ने
इच्छा जताई कि जो भी बहन इस दिन अपने भाई को तिलक लगाकर उसका सत्कार करे, उसे
यमराज का भय न रहे। यमराज ने बहन को यह वरदान दे दिया।
ब्रेकिंग न्यूज़
नौर्थ बंगाल के बिहारी बहुल इलाकों में मूसल से कूटे गये गोधन
उत्तर बंगाल के बिहारी बहुल इलाकों में भाई-दूज के अवसर पर पारंपरिक 'गोधन कूटने' की अनूठी लोक परंपरा पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। इस विधि में बहनें भाइयों की लंबी उम्र की कामना के लिए प्रतीकात्मक रूप से उन्हें श्राप देने और जीभ में कांटा चुभाकर प्रायश्चित करने की रस्म निभाती हैं। यमराज और यमुना के पौराणिक प्रसंग से जुड़ी यह लोक आस्था सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के साथ-साथ आपसी प्रेम और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है।

मूसल से गोधन कूटती महिलाएं|Arthik Dhara Photo
विज्ञापन
आर्थिक धारा पर अपने व्यवसाय का विज्ञापन दें
पश्चिम बंगाल और भारत के हज़ारों निवेशकों और व्यावसायिक लीडर्स तक पहुंचें।
