धनबाद : जगमगाती रोशनी, भव्य वास्तुकला और गगनचुंबी संरचना के साथ
कतरास का जीएनएम हाई स्कूल मैदान इस बार दुर्गापूजा के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन
गया है। यहां करीब 50 लाख रुपये की लागत से थाईलैंड के विश्वप्रसिद्ध अरुण टेंपल की
तर्ज पर तैयार किया जा रहा विशाल पूजा पंडाल अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लगभग
140 फीट लंबा और 150 फीट ऊंचा यह पंडाल अपनी अद्भुत बनावट और भव्य स्वरूप से लोगों
को आकर्षित कर रहा है।
पूजा शुरू होने से पहले ही पंडाल की खूबसूरती देखने के लिए दूर-दराज
के इलाकों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। लोग इसकी भव्य वास्तुकला
को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर पंडाल की
तस्वीरें और वीडियो रील तेजी से साझा किए जा रहे हैं। रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी
से जगमगाता पंडाल लोगों के लिए विशेष आकर्षण बन रहा है। वहीं, पंडाल के भीतर मां दुर्गा
की भव्य प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समिति के 200 से अधिक सदस्य
दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। पंडाल की सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और
सुरक्षा तक, हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष
जीएनएम मैदान की दुर्गापूजा देखने के लिए 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।
पूजा पंडाल के साथ यहां लगने वाला मेला भी लोगों के आकर्षण का केंद्र
बनने जा रहा है। मेले में बिजली से चलने वाली तारामाची, नौका झूला, टोरा-टोरा, ब्रेक
डांस, ड्रैगन ट्रेन और जीरो ग्रैविटी जैसे आधुनिक झूलों की व्यवस्था की गई है। इन झूलों
के लगने से मेले की रौनक बढ़ गई है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ बच्चों और युवाओं
को भी मनोरंजन के कई विकल्प मिलेंगे।

