आसनसोल। जिला कार्यालय भले ही हो भाजपा का, लेकिन विश्व हिंदू
परिषद के कार्यकर्ताओं ने गंगाजल छिड़क कर उसे पवित्र किया। इसका वीडियोसोशल मीडिया
पर वायरल होते ही विवाद हो गया है। हालांकि घटना की स्वीकार करते हुए भी बर्दवान संगठनात्मक
जिला नेतृत्व ने कोई टिप्पणई करने से इंकार कर दिया है। दूसरी ओर, विहिप का कहना है
कि पार्टी जिला ऑफिस को मंदिर की तरह पवित्र होना चाहिए। जानकारों के अनुसार यह भाजपा
और विहिप के बीच की टकराहट का परिणाम है।
दो दिन पहले, राज्य भाजपा के सांगठनिक बदलाव में वर्दवान जिला
भी शामिल है। जिलाध्यक्ष अभिजीत ता को हटाकर वकील आशीष पाल को जिलाध्यक्ष का प्रभार
सौंपा गया है। विश्व हिंदू परिषद का एक खेमा इसे अपनी जीत बता रहा है। इससे वह गुट
काफी खुश है। वायरल वीडियो में विहिप नेता
रंगन पात्रा की अगुवाई में कुछ कार्यकर्ता जिला भाजपा ऑफिस के मेन दरवाज़े से मंत्र
पढ़ते और गंगाजल छिड़कते हुए दिख रहे हैं। उनका आरोप है कि पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत
के समय जम कर गुटबाजी हो रही थी तथा कुछ नेताओं को महत्व नहीं दिया जा रहा था। इसलिए,
उन्हें हटाने के लिए गुटबाजी जमकर हो रही थी। रंगन पात्रा का दावा है कि इसका मकसद
किसी खास व्यक्ति की आलोचना करना या उसकी बेइ्जती करना नहीं है। यह पहल इसलिए की गई
कि भविष्य में पार्टी गतिविधियां शांति से चल सके और भगवान का आशीर्वाद मिल सके।
बर्दवान जिला विश्व हिंदू परिषद सचिव विश्वजीत चक्रवर्ती इससे
सहमत नहीं है। उनका कहना है कि विहिप नेता को भाजपा जिला कार्यालय में यह करने का अधिकार
नहीं है। नये भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

