रांची: झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनाक ने बुधवार को नवनियुक्त तीन न्यायाधीशों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पहले, उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल सत्यप्रकाश सिन्हा ने तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति संबंधी राष्ट्रपति के आदेश को हिंदी और अंग्रेजी में पढ़कर सुनाया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनाक ने मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को शपथ दिलाई।
जस्टिस मनोज प्रसाद और राम शर्मा ने अंग्रेजी में शपथ ली, जबकि अखिल कुमार ने हिंदी में शपथ ली। इसके बाद चीफ जस्टिस ने तीनों जजों को बुके देकर शुभकामनाएं दी। इस दौरान महाधिवक्ता रोहितश्य राय, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत कुमार, महासचिव नवीन कुमार, एडिशनल सालिसीटर जनरल प्रशांत पल्लव सहित अन्य वकील और हाई कोर्ट रजिस्ट्री के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य सचिव और डीजीपी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

